Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u924082484/domains/indiamirrornews.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का असर, ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात, निचले क्षेत्रों में बारिश

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों में बर्फबारी का दाैर जारी है। जबकि निचले कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। जिला चंबा के पांगी और भरमौर सहित लाहाैल, किन्नाैर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। पांगी उपमंडल में बर्फबारी होने से किलाड़-लाहौल राष्ट्रीय राजमार्ग समेत आधा दर्जन सड़कों पर यातायात प्रभावित है। बर्फबारी से पांगीवासियों की दिक्कतें बढ़ती नजर आ रही हैं। कुल्लू में 16, लाहौल-स्पीति में 121 सड़कें अभी भी ठप हैं। शिमला में बादल छाए हुए हैं। चंबा और लाहौल घाटी में बुधवार को हिमखंड गिरे। जनजातीय क्षेत्र पांगी की कुमार सड़क पर हिमखंड गिर गया। इससे सड़क बंद हो गई है। मनाली से लेेकर लाहौल तक भी जगह-जगह हिमस्खलन हो रहा है।
रामपुर बाजार के नजदीक सफेद ढांक के पास भूस्खलन होने से एनएच पांच बाधित हो गया। इससे सुबह के समय कर्मचारियों और विद्यार्थियों व अन्य लोगों को परेशानी हुई। भूस्खलन के बाद एनएच पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। यहां बार-बार भूस्खलन होने से लोग परेशान हैं। इस दौरान लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क को पार करना पड़ता है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 13 मार्च से 16 मार्च 2025 की शाम तक लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में कई स्थानों पर हल्की और मध्यम बर्फबारी की संभावना है। जबकि सोलन, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिले सहित कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर और कुल्लू के शेष भागों में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। वहीं राज्य के पर्यटन स्थलों मनाली, सोलंग घाटी, सिस्सू और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। 17 मार्च से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने की संभावना है।
अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। शिमला में न्यूनतम तापमान 11.2, सुंदरनगर 11.7, भुंतर 9.4, कल्पा 2.0, धर्मशाला 6.7, ऊना 10.4, नाहन 12.8, केलांग -0.9, पालमपुर 11.0, सोलन 10.2, मनाली 6.7, कांगड़ा 12.9, मंडी 11.9, बिलासपुर 12.7, डलहाैजी 8.7, कुकुमसेरी -1.3, सेऊबाग 9.0, बरठीं 11.8, सराहन 5.0, पांवटा साहिब 17.0, देहरा गोपीपुर 15.0 व ताबो में -5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मैदानी जिलों में धूप खिली रहने से बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार गया । बिलासपुर अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री, ऊना में 30.5, कांगड़ा में 29.1, सुंदरनगर में 28.8, मंडी में 28.6, सोलन में 28.0, नाहन में 27.5, धर्मशाला में 26.0, भुंतर में 25.1, शिमला में 21.0 और मनाली में 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *